पडरौना। दोस्त बनकर रामकोला थाना क्षेत्र के एक युवक से नौकरी दिलाने के नाम पर दस लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित ज्वाइनिंग लेटर मिलने के बाद रेलवे कार्यालय पहुंचे। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है। आरोपी फरार बताया जा रहा है। रामकोला थाना क्षेत्र के पगरा टोला सिसवा निवासी अरविंद कुमार ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के वहां वाद दाखिल कर बताया था कि बीटेक करने के दौरान लखनऊ में दयानिधि से वर्ष 2019 में मित्रता हो गई। उसने खुद को रेलवे में अधिकारी बताया था। बीते सितंबर में दयानिधि उनके घर आए तो रेलवे में टीसी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। परिवार के लोग उनके झांसे में आ गए। नाना ने जमीन बंधक रखकर कुल दस लाख रुपये दे दिए।