कोरोना से चार की मौत, 33 पॉजिटिव
कुशीनगर में एक की मौत और 12 संक्रमित व महराजगंज में तीन की मौत 21 नए मरीज
अमर उजाला ब्यूरो
कुशीनगर। कोरोना का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को कुशीनगर में एक शख्स की और महराजगंज में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कुशीनगर में 12 और महराजगंज में 21 पॉजिटिव पाए गए। इससे कुशीनगर में मरने वालों की संख्या 48 और महराजगंज में 76 तक पहुंच गई। कुशीनगर में कुल संक्रमितों की संख्या 4901 और महराजगंज में 5218 हो गई है। कुशीनगर में एक्टिव केस 220 और महराजगंज में 4102 है।
कुशीनगर कार्यालय के अनुसार सोमवार को 1619 लोगों की जांच रिपोर्ट में 12 लोग संक्रमित पाए गए। पहले से एक संक्रमित शिक्षामित्र की रविवार की रात में मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। सोमवार को 14 लोग स्वस्थ हुए। सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि सोमवार को आरटीपीसीआर व एंटीजन मिलाकर कुल 2031 लोगों की जांच की गई। संक्रमितों में कसया क्षेत्र में चार, पडरौना में दो, रामकोला में दो, तमकुही में दो, हाटा में एक व एक मरीज अन्य क्षेत्र का है। अब स्वस्थ होने वाले कुल मरीजों की संख्या 4633 हो गई है। खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई है। इनका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। वहीं रविवार को मौत हो गई। गोरखपुर में इनका अंतिम संस्कार हो गया। जानकारी मिलने पर क्षेत्र के शिक्षकों व शिक्षामित्रों में शोक की लहर है।
उधर, महराजगंज कार्यालय के अनुसार सोमवार को तीन लोगों की कोरोना से मौत हो गई। 21 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 1040 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। उप मुुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि अब तक एक लाख चौदह हजार सात सौ पचीस लोगों की जांच हो चुकी है। 4379 लोग होम आइसोलेशन में हैं। सभी संक्रमितों का बेहतर ढंग से इलाज किया जा रहा है। होम आइसोलेशन में रहने वालों पर निगरानी समितियों की नजर बनी हुई है।