संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। प्रतिबंधित पशुओं को मालवाहक से लादकर तस्करी के लिए बिहार ले जा रहे एक तस्कर को तमकुहीराज पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य वाहन से तीन गोवंश को मुक्त कराया गया है। इस वाहन पर सवार तीन तस्कर पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पकड़े गए वाहन से प्रतिबंधित गोवंश के साथ एक तस्कर को पुलिस ने रविवार को दोपहर में फोरलेन हाईवे के टड़वा मोड़ से गिरफ्तार कर प्रतिबंधित चार गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया।
अपराध निरीक्षक तमकुहीराज अरविंद यादव ने बताया कि प्रतिबंधित पशुओं की खेप लेकर तस्कर फोरलेन के रास्ते बिहार जा रहे थे। सूचना के बाद पुलिस टीम के साथ फोरलेन स्थित टड़वा मोड़ के पास वाहनों की जांच शुरू कर दी गई। इसी दौरान एक मालवाहक आते दिखाई दिया। वाहन को रोककर जब जांच की गई तो उसमें क्रूरतापूर्वक लदे चार गोवंश मिले। उन्हें मुक्त कराया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
उसी दौरान एक अन्य वाहन को भी रोककर तलाशी ली गई, लेकिन उस वाहन पर सवार तीन तस्कर पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पूछताछ में पकड़े गए पहले वाले आरोपी की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के माझागढ़ थाना क्षेत्र के गांव ढाबापाकड़ निवासी राजाराम के रूप में की गई।