कोतवाली के बड़हरी गांव में बुधवार शाम ई-रिक्शा हटाने को लेकर हुए विवाद में कार सवार युवकों ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। इससे गांव में सनसनी फैल गई। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
बड़हरी निवासी नीरज तिवारी व उसका भाई संजय तिवारी गांव में एक दुकान के पास ई- रिक्शा खड़ा कर सामान खरीद रहे थे। इसी बीच पीछे से आए कार सवार तीन भाई ई-रिक्शा हटाने को लेकर गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि बात बढ़ने पर तीनों भाइयो ने ई-रिक्शा चालक व उसके भाई की जमकर पिटाई करते हुए तीन राउंड लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग भी की। थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर मिली है। फायरिंग की जानकारी नही है। पुलिस फोर्स को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
साइबर अपराधी ने ठगे 20 हजार
अजुहा। सैनी कोतवाली के धुमाई निवासी पप्पू केसरवानी ने बताया एसबीआई की स्थानीय शाखा में उसका बैंक खाता है। 22 जुलाई की शाम लगभग छह बजे उसके खाते से साइबर शातिर ने 20 हजार रुपये निकाल लिया। जानकारी होने पर बुधवार को पीड़ित ने बैंक शाखा के साथ ही साइबर थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। संवाद
-