मृतक लल्लू सरोज की मौत पर नईम मिंया का पूरा में रोते बिलखते परिजन, संवाद।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा चायल स्थित सरइयां मोहल्ले में सर्पदंश से एक युवक की मौत हो गई। युवक सूअरबाड़े में चौकीदारी कर रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नईम मियां का पूरा (पूर्वी भाग) निवासी लल्लू सरोज (35) पुत्र रोशनलाल सरोज मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार वह मोहल्ले के भीम पासी के सुअरबाड़े में चौकीदारी करता था।
बृहस्पतिवार रात वह पत्नी के साथ तख्त पर सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसके पैर में डस लिया। चीखपुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और पहले झाड़-फूंक के लिए ले गए लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।