Youth drowned in pond in suspicious condition
- फोटो : KAUSHAMBI
कोखराज के भरवारी कस्बा स्थित तालाब में बुधवार शाम एक युवक संदिग्ध हालत में डूब गया। गोताखोरों की तलाश के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका है।
नगर पालिका भरवारी के वार्ड नंबर एक नेता नगर निवासी इंद्रपाल पासी (36) मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। परिजनों के मुताबिक बुधवार रात वह सब्जी खरीदने बाजार गया था।
घर लौटते समय सड़क किनारे बने धौरहा तालाब में इंद्रपाल गिर गया और गहरे पानी में चला गया। चीखपुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तब तक वह डूब चुका था। जानकारी मिलते ही बदहवास परिजन रोते-बिलखते हुए घटना स्थल पर पहुंच गए। सूचना के बाद पहुंचे चौकी इंचार्ज भरवारी राकेश राय ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में खोजबीन कराई, लेकिन युवक का शव नहीं मिला।
इंद्रपाल के परिवार में पत्नी गुड़िया देवी, एक बेटा और बेटी हैं। चौकी इंचार्ज भरवारी ने बताया कि घटना की जानकारी पर गोताखोरों की मदद से युवक की खोजबीन की जा रही है। अभी तक उसका सुराग नहीं लग सका है।