मंझनपुर। जिले में डेंगू से एक और मौत हो गई। इसी के साथ जिले भर में अब तक डेंगू से जान गंवाने वालों की संख्या तीन हो गई है। इसके अलावा छह नए मरीज आए मिले हैं।
कड़ा के गुलामीपुर गनपा निवासी मो. इजराइल (41) को 12 नवंबर को बुखार आया था। परिजन फतेहपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उपचार के बाद भी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ। इस पर घर वाले कानपुर के एक नर्सिंग होम में इजराइल को भर्ती करा दिया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के अपोलो हॉस्पिटल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान 14 नवंबर को युवक की सांस थम गई।
इसकी सूचना मिलने पर जिला मलेरिया अधिकारी अनुपमा मिश्रा ने बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य टीम को गुलामीपुर गनपा भेजी। मृतक के परिजनों के साथ आसपास के अन्य ग्रामीणों की सेहत जांची गई। इसके अलावा सरसवां के आशुतोष पांडेय, दीपशिखा, चायल की कल्पना, मंझनपुर के कुलदीप, रेनू और सिराथू की सुमन की डेंगू की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि अब तक जिले में डेंगू के 110 मरीज मिल चुके हैं। इस रोग के रोकथाम को लगातार प्रयास किया जा रहा है।