रोटावेटर से युवक की मौत के बाद छानबीन करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : संवाद।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के जैतपुर पूरेहजारी गांव में सोमवार दोपहर ट्रैक्टर में जुड़े रोटावेटर की मरम्मत करते समय हादसा हो गया। ढलान पर स्टार्ट हालत में खड़ा ट्रैक्टर अचानक नीचे की ओर खिसकने लगा। इस दौरान उसे रोकने और सामने खूंटे से बंधी गाय को बचाने के प्रयास में 40 वर्षीय युवक रोटावेटर के नीचे आ गया। उसमें फंसकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गाय भी घायल हो गई। उधर, घटना के बाद परिजनों ने पड़ोसी पर रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जैतपुर पूरेहजारी निवासी कपिल विश्वकर्मा सोमवार दोपहर घर के सामने खड़े ट्रैक्टर में जुड़े रोटावेटर कल्टीवेटर की बेयरिंग ठीक कर रहे थे। चौकी प्रभारी तिल्हापुर गणेशदत्त पटेल के मुताबिक, ट्रैक्टर ढलान पर स्टार्ट हालत में खड़ा था। इसी दौरान अचानक वह नीचे की ओर चलने लगा। सामने खूंटे से गाय बंधी थी। आशंका है कि गाय को बचाने और ट्रैक्टर को नियंत्रित करने के प्रयास में कपिल उसकी ओर बढ़े और इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से रोटावेटर के नीचे गिर गए। उसमें फंसने से उनकी मौत हो गई। हादसे में गाय भी घायल हो गई।