जिया खनवारी गांव में रविवार शाम बिजली के तार की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत से उसकी पत्नी और दो साल के मासूम बेटे पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जिया खनवारी गांव निवासी जितेंद्र कुमार (28) रविवार शाम खाना खाने के बाद सोने के लिए बिस्तर लगा रहे थे। बिछाने के लिए जैसे ही बिस्तर उठाया, ऊपर से टूटा बिजली का तार उनके सीने पर गिर गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन आनन-फानन उन्हें जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवारीजनों के मुताबिक जितेंद्र तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़े थे। वह अपनी मेहनत से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी लक्ष्मी देवी का सहारा छिन गया। वहीं, दो वर्षीय बेटे सूरज के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर हाल खराब है।
प्रभारी निरीक्षक विनीत सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।