पिपरी कोतवाली के मनौरी बाजार में मंगलवार शाम रेलवे लाइन पार करते समय युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से जख्मी युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।
पूरामुफ्ती कोतवाली के मादपुर गांव निवासी वीरेंद्र सिंह पटेल (32) किसान थे। पिता फूलचंद्र ने बताया कि वीरेंद्र सोमवार शाम मनौरी बाजार सामान खरीदने गया था। खरीदारी कर वह ओवर ब्रिज के नीचे से रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान वीरेंद्र मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख जुटे स्थानीय लोगाें ने फौरन वीरेंद्र को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां देखते ही डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन बिलख पड़े। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।