कौशाम्बी कोतवाली के बैगवां फतेहपुर गांव में एक युवक ने दादी के घर जाकर फंदे से लटकर जान दे दी। वह अपने घर से खाना खाने के बाद निकला था। परिवार के लोग खुदकुशी के पीछे कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं।
बैगवां फतेहपुर निवासी किसान गुलाब ने बताया कि उनकी मां अलग घर में रहती है। बुधवार दोपहर बेटा सुरेश (18) घर से खाना खाने के बाद निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। करीब तीन बजे सुरेश का शव मां के घर में धोती के सहारे फंदे से लटका मिला। यह देख परिवार के लोग रोने-बिलखने लगे।
घटना की जानकारी सुरेश के बड़े भाई दिनेश ने पुलिस को दी। इंस्पेक्टर नीलम राघव का कहना है कि परिवार के लोग खुदकुशी का कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।