दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया आरोपी युवक अमित कुमार
यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन प्रथम पाली की हाईस्कूल परीक्षा में विकास खंड कड़ा के मीरापुर स्थित छत्रपाल मौर्य इंटर कॉलेज में एक युवक को दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। जानकारी के मुताबिक कक्ष निरीक्षकों को प्रवेश पत्र और परीक्षार्थी के हाव-भाव में संदेह हुआ। सख्ती से मिलान करने पर मामला खुल गया। केंद्र व्यवस्थापक ने प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
एसडीएम सिराथू ने बताया कि हाईस्कूल का छात्र अली अब्बास पुत्र मोहम्मद हसन निवासी दौलतपुर कसार, थाना कड़ा धाम के नाम से जारी प्रवेश पत्र पर आराेपी युवक अमित कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी अलीपुर जीता थाना कड़ा धाम परीक्षा देते हुए पकड़ा गया है।
आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए सैनी पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं, थाना प्रभारी सैनी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। इस प्रकरण में आरोपी युवक के अन्य सहयोगियों की भी भूमिका संदिग्ध है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।