कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) लाइन पर मंगलवार/बुधवार की रात करीब एक बजे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास मोबाइल फोन मिलने पर पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान रसूलपुर गिरसा निवासी सुरेश कुमार मौर्य (25) पुत्र श्यामलाल के रूप में बताई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। परिजनों के मुताबिक, सुरेश 28 सितंबर को सूरत से घर आया था। वह सूरत में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। 29 सितंबर की सुबह वह यह कहकर घर से निकला था कि मौसी के यहां दशहरा पर्व मनाने जा रहा है। परिजनों ने जब उसकी मौसी से फोन पर बातचीत की तो उन्होंने बताया कि सुरेश वहां पहुंचा ही नहीं था और करीब 10 मिनट बाद कहीं चला गया था।
बताया गया कि घटना से करीब 10 घंटे पहले सुरेश ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो भी पोस्ट किए थे। इसके बाद उसका शव डीएफसी लाइन पर मिला। परिजनों ने हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पड़ताल कर रही है।
मोबाइल पर आ रही थी किसी लड़की की कॉल
परिजनों के मुताबिक मृतक के फोन पर लगातार किसी लड़की के कॉल आ रहे थी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल, ईयरफोन और चप्पल मिली है। चेहरे पर चोट के निशान और एक हाथ टूटा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।