Youth beaten in Samada village, dies
- फोटो : KAUSHAMBI
समदा गांव में युवक को पीटा, मौत
नगर कोतवाली इलाके का मामला, आरोपी हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। नगर कोतवाली इलाके के समदा गांव में दवा लेने गए एक युवक की गुरुवार शाम मेडिकल स्टोर संचालक ने पिटाई कर दी। इससे उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस रिपोर्ट लिखकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
मंझनपुर के घना का पूरा (कांशीराम कॉलोनी) गांव का मो. वैश (24) पुत्र शब्बीर गुरुवार को दवा लेने समदा चौराहा गया था। बताया जाता है कि वहां रुपयों के लेनदेन को लेकर मेडिकल स्टोर संचालक गुड्डू निवासी बहादुरपुर से उसकी कहासुनी हो गई। इसी बीच गुड्डू ने मो. वैश को बेरहमी से पीट दिया। पिटाई से घायल वैश किसी तरह घर पहुंचा। परिजनों को आपबीती बताने के बाद वह अपने कमरे में सो गया। रात को अचानक वैश की तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले जाने का इंतजाम कर रहे थे। इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। सुबह घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वैश की मौत के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। मामले में नगर कोतवाल मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि युवक नशे का आदी था और नशे की ही दवा लेने गया था। इस हिसाब से विवेचना के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ धाराएं और भी बढ़ाई जा सकती हैं। यह भी संभव है कि पिटाई में अन्य लोग भी शामिल हों। इन सभी का नाम भी प्रकाश में लाया जाएगा। फिलहाल स्टोर संचालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।