ट्रेन की चपेट में आने से युवक व ग्रामीण की मौत
सैनी कोतवाली के गनपा और निहालपुर गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिराथू। सैनी कोतवाली क्षेत्र में 24 घंटे में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक व ग्रामीण की मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीण के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि युवक के परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गनपा निवासी रामसजीवन (50) पुत्र श्यामलाल भट्ठे में मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाता था। परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम वह किसी काम से पड़ोसी गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था। रविवार सुबह चरवाहों ने गांव के बाहर से गुजरी रेलवे ट्रैक पर उसकी क्षत-विक्षत लाश देखी। परिजनों का कहना है कि ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया होगा। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी घटना इसी क्षेत्र के निहालपुर गांव की है। गांव का रामजी (22) पुत्र राजाराम दिल्ली में मजदूरी करता था। लॉकडाउन में घर आया था। परिजनों का कहना है कि शनिवार रात वह गांव के बाहर रेलवे लाइन की तरफ शौच के लिए गया था। इस दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घरवालों ने रविवार सुबह शव का अंतिम संस्कार कर दिया।