ओसा के पास ट्रैक्टर की ट्राली से दब कर हुई युवक की मौत के रोते विलखते परिजन।
- फोटो : amar ujala
मवई केवट गांव के एक युवक की शनिवार दोपहर ट्रैक्टर-ट्राली से दबने से मौत हो गई। दोपहर उसे गांव का एक युवक ट्रैक्टर-ट्राली की मरम्मत के लिए ओसा लेकर गया था। युवक के मौत की खबर मिलते ही घर परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की नामजद तहरीर पुलिस को दी है। एसपी से भी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मंझनपुर कोतवाली के मवई केवट गांव का लखन (22) पुत्र राम प्रसाद गरीब मजदूर है। वह तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था। शनिवार दोपहर गांव का नाजिम उसे अपनी ट्रैक्टर ट्राली में बैठाकर ओसा चौराहे पर ले गया। ट्रैक्टर-ट्राली में कुछ काम होना था। नाजिम वर्कशाप में ट्रैक्टर ट्राली खड़ी करने लगा। स्टैंड नहीं लगने से ट्राली लखन के ऊपर गिर गई। इससे वह ट्राली के नीचे दब गया।
हादसा देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में युवक को ट्राली से निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया। मगर कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। युवक के मौत की खबर परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिजनों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के भाई रामभवन, रामनारायण ने नाजिम पर युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की नामजद तहरीर पुलिस को दी है।
इतना ही नहीं एसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की है। दोपहर बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।