Young man riding a bike collides with a truck, younger brother Gambhir
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, छोटा भाई गंभीर
-फतेहपुर जनपद के शाहरपुर से रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने सयांरा जा रहे थे दोनों भाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सिराथू। सैनी कोतवाली के समीप गुरुकुल महाविद्यालय के पास हाईवे पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में साथ रहा छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फतेहपुर जनपद के शाहपुर निवासी अहमद अली (45) पुत्र वहीदउल्ला मंगलवार को अपने छोटे भाई असगर अली (40) के साथ बाइक से सैनी कोतवाली के सयांरा गांव जा रहा था। सयंारा में नवीउल्ला के घर आयोजित शादी समारोह में दोनों को शामिल होना था। रास्ते में सैनी कोतवाली के समीप गुरुकुल महाविद्यालय के पास हाईवे पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अहमद अली ट्रक के नीचे आकर कुचल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक में पीछे बैठा छोटा भाई असगर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस के साथ ही एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाने के साथ ही खबर परिजनों को दी। मौत की मनहूस खबर सुन बदहवाश परिजन रोते-बिलखते हुए घटनास्थल पर आ गए। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।