पूरामुफ्ती में दिनदहाड़े युवक का अपहरण
पूर्व सांसद अतीक अहमद के भाई अशरफ के साले पर आरोप, जांच में जुटी पुलिस
जमीन का बैनामा कराने के लिए किया अगवा, अब फोन करके दे रहा धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पूरामुफ्ती के मादपुर गांव में रहने वाले एक युवक का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। अपहरण का आरोप पूर्व सांसद और बाहुबली नेता अतीक अहमद के भाई अशरफ के साले पर है। पीड़ित की मां ने जमीन का बैनामा कराने के लिए वारदात को अंजाम देने का इल्जाम लगाते हुए मंगलवार को आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस छानबीन कर रही है।
मादपुर गांव की शांति देवी पत्नी मोतीलाल ने बताया कि पूर्व सांसद अतीक अहमद के भाई अशरफ के साले अब्दुल बारी निवासी हटवा से उसने प्रयागराज स्थित अपनी जमीन बेचने की बात की थी। आठ अगस्त 2017 को विक्रय का एग्रीमेंट कराया। पीड़िता की मानें तो अब आरोपी उसे रुपये नहीं दे रहा है। तकादा करने पर जान से मार डालने की धमकी देता है। इसी का नतीजा रहा कि पीड़ित महिला ने भूमि का बैनामा अभी तक नहीं किया है। उसका कहना है कि बैनामा कराने के लिए आरोपी ने 11 अक्तूबर को साथियों संग घर के समीप से उसके बेटे निर्भय का अपहरण कर लिया। मंगलवार सुबह फोन करके बैनामा नहीं करने पर निर्भय को मार डालने की धमकी दी। धमकी भरा फोन आने के बाद पीड़ित परिवार को घटना की जानकारी हुई। इससे पहले वह निर्भय की खोजबीन कर रहे थे। मामले में पूरामुफ्ती कोतवाल बलराम सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। आरोपों की जांच के बाद आरोपी क खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अपहृत की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।