कोखराज के घटइया मजरा बम्हरौली निवासी एक युवक से सऊदी भेजने का झांसा देकर ढाई लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटइया मजरा बम्हरौली गांव निवासी पंचम लाल ने बताया कि निधियावां गांव के एक युवक ने सऊदी अरब भेजने के नाम पर उससे ढाई लाख रुपये ले लिए। उसके बाद उसे मुंबई भेजते हुए यह बताया था कि वहां से उसे कोई एजेंट बुलाकर कार्यालय तक ले जाएगा।
दिनभर मुंबई में गुजारने के बाद जब उसे कोई लेने नहीं आया तो युवक ने उससे दो दिन और इंतजार करने को कहा। इसके बाद आरोपी जालसाज ने फोन बंद कर लिया। किसी तरह घर लौटे पंचम ने जालसाज से रकम वापस मांगी तो आरोपी उसे टरकाने लगा।
आरोप है कि अब जालसाज जान से मारने की धमकी दे रहा है। परेशान पीड़ित ने सोमवार को शिकायत एसपी से की। एसपी ने कोखराज इंस्पेक्टर को आरोप की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।