इलाके के मोअज्जमपुर गांव के एक युवक से सऊदी भेजने का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये की ठगी की गई। पता चलने पर भुक्तभोगी ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोअज्जमपुर गांव के प्रवेश सिंह ने बताया कि पढ़ाई के बाद वह रोजगार की तलाश में परेशान था। करीब छह महीने पहले पड़ोसी गांव अमीनपुर संवरो के एक युवक से मुलाकात हुई। आरोपी ने सऊदी अरब में स्टोर कीपर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर कहा, खर्चा लगेगा। इसके बाद दो किस्तों में डेढ़ लाख रुपये ले लिए।
नौकरी तो लगवाई नहीं, फिर रुपये मांगने पर पहले तो आरोपी टालमटोल करता रहा। इसके बाद जान से मारने की धमकी देने लगा। फिर, उसने मोबाइल फोन भी उठाना बंद कर दिया। इससे परेशान पीड़ित ने शनिवार को मामले की शिकायत एसपी से करते हुए प्रार्थनापत्र दिया। एसपी बृजेश श्रीवास्तव ने करारी इंस्पेक्टर को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।