सियासी तापमान दिनोंदिन चढ़ रहा है। आज डिप्टी सीएम केशव मौर्य की दो सभाएं हैं। 16 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंझनपुर में और नियामतपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जनसभा को संबोधित करेंगे। दोनों स्थलों के बीच की दूरी आठ किमी है।
कौशाम्बी संसदीय क्षेत्र में पांचवें चरण के तहत 20 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। यहां दो दिन पहले 18 मई की शाम से ही चुनाव प्रचार थम जाएगा। सभाओं के लिए प्रमुख राजनीतिक दलों ने प्रचार तेज कर दिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्या ने बताया कि 16 मई को दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री की सभा है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह है। जनसभा की सफलता के लिए बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, दूसरी तरफ बृहस्पतिवार को दो बजे सपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सरोज के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सिराथू क्षेत्र के नियामतपुर में चुनावी सभा को संबोधित करने आएंगे। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज व सदर विधायक इंद्रजीत सरोज का कहना है कि जनसभा को लेकर कार्यकर्ता खासे उत्साहित हैं।
सपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव का कहना है कि पूर्व सीएम अखिलेश यादव छात्रों, नौजवानों के आदर्श हैं। सभी वर्ग के लोग उनकी तरफ आशा भरी निगाह से देख रहे हैं।
सिराथू व सरायअकिल में होंगे डिप्टी सीएम
केशव प्रसाद मौर्य बुधवार की दोपहर 1.10 बजे हेलिकॉप्टर से कौशाम्बी आएंगे। सैनी के कृषि मैदान में भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह सरायअकिल स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज में जनसभा करेंगे।
इस बार नहीं आएंगे पीएम
कौशाम्बी संसदीय क्षेत्र में इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी जनसभा नहीं होगी। इससे पहले हुए 2019 व 2014 के चुनाव में प्रधानमंत्री ने यहां जनसभा की थी। इसका फायदा भी पार्टी प्रत्याशी को जीत के रूप में मिला था।