मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सपा मुखिया अखिलेश यादव के 16 मई को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को एडीजी प्रयागराज जोन ने सभास्थल व हेलिपैड के लैंडिंग स्थल को देखा। सीएम के कार्यक्रम स्थल के समीप की खराब सड़कें व बिखरीं गिट्टियां देख एडीजी ने एक्सईएन पीडब्ल्यूडी हरिवंश सिंह को फटकार लगाई। इस पर एक्सईएन बेहोश हो गए। फौरन उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाना पड़ा।
16 मई को मंझनपुर स्थित रोडवेज बस डिपो के पास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सिराथू विकास खंड के नियामतपुर में सपा मुखिया अखिलेश यादव की जनसभा होनी है। मंगलवार को तैयारियों का जायजा लेने के लिए एडीजी भानु भास्कर, आईजी प्रेम गौतम ने आए थे।
मुख्यमंत्री के सभा स्थल के समीप तमाम खामियां मिलने पर एडीजी ने एक्सईएन पीडब्ल्यूडी हरिवंश सिंह से जवाब-सवाल किए। इस पर एक्सईएन गश खाकर वहीं गिर गए। साथ रहे कर्मचारियों ने उन्हें संभाला फिर पुलिसकर्मी उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए। अफसरों ने कहा, एक्सईएन गर्मी की वजह से गिरे। जिला अस्पताल में उनका डॉक्टरों ने उनका इलाज किया।
इसके बाद एडीजी ने पुलिस कार्यालय में अफसरों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एएसपी अशोक कुमार वर्मा सहित सारे सर्किल अफसर मौजूद रहे।
लापरवाही: बिना दस्ताना पहने पोल पर लाइन ठीक कर रहा लाइनमैन
मुख्यमंत्री के सभा स्थल पर बिजली-पानी के इंतजाम में किसी तरह की दिक्कत न हो, इसे लेकर बिजली विभाग के अफसरों ने सारे नियम और कायदे ताक पर रख दिए। बिना दस्ताना पहने एक बिजली कर्मी को तार जोड़ने के लिए पोल पर चढ़ा दिया गया। तार छीलने का जुगा़ड़ नहीं होने की वजह उसे तार छीलने के लिए दांत का इस्तेमाल करना पड़ा। हालांकि, उस दौरान बिजली आपूर्ति बाधित थी।
एफएसटी टीम ने ली वाहनों की तलाशी
कोखराज कोतवाली के टेढ़ीमोड़ पुल के नीचे एफएसटी योगेश मिश्र व एसआई केके सिंह ने टीम के साथ दो व चार पहिया वाहनों की तलाशी ली। करीब आठ वाहनों को चेक किया गया। हालांकि इस दौरान किसी वाहन से प्रतिबंधित समान नहीं मिल सका।
आज से दो दिन सभा स्थल के पास रहेगा रूट डायवर्जन
एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 16 मई को वीवीआईपी व वीआईपी की जनसभा है। इसे लेकर बुधवार को 12 बजे से शाम छह बजे तक व 16 मई को सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्ट किया गया है। बताया कि इस रूट डायवर्जन के तहत प्रयागराज की तरफ से आने वाले वाहनों को कोखराज कोतवाली के परसरा चौराहा, चित्रकूट की तरफ से आने वाले वाहनों को सदर कोतवाली के टेवां व प्रतापगढ़ की तरफ से आने वाले वाहनों को सैनी कोतवाली के कमासिन व मंझनपुर कोतवाली के करन चौराहे के पार रोका जाएगा।
मुख्यमंत्री की सभा स्थल में तैयारियों का जायजा लेते एडीजी भानू भास्कर व आईजी प्रेम कुमार गौतम।
मुख्यमंत्री की सभा स्थल में तैयारियों का जायजा लेते एडीजी भानू भास्कर व आईजी प्रेम कुमार गौतम।