Yoga was also made weapon for war with Corona
- फोटो : KAUSHAMBI
कोरोना से जंग के लिए योग को भी बनाया हथियार
क्वारंटीन पर रखे गए परदेशियों को कराया जा रहा योग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। वैज्ञानिक कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप की रोकथाम के लिए वैक्सीन बनाने में जुटे हैं। ताकि लोगों को काल के गाल में समाने से बचाया जा सके। इतना ही नहीं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए व्यायाम, योगा और तनाव मुक्त रहने की सलाह भी दी जा रही है।
कौशांबी में कुछ ऐसे क्वारंटीन सेंटर हैं, जहां लॉकडॉउन के दौरान परदेश से घर लौटे कामगारों को क्वारंटीन पर रखा गया है। इन्हीं में शामिल आश्रम पद्धति विद्यालय बरैसा और भरसवां स्थित क्वारंटीन सेंटर पर मौजूद 200 से अधिक कामगार सुबह-शाम योगा कर खुद को फिट कर रहे हैं। योग शिक्षक क्वारंटीन सेंटर में ही सभी को नियमित योगा की बारीकियों से रूबरू करा रहे हैं। सुबह आंख खुलते ही क्वारंटीन किए गए लोग नित्यक्रिया के बाद योगा करने में जुट जाते हैं। योगा के दौरान शारीरिक दूरी का ख्याल रखते बैठते हैं। योग शिक्षक ओम प्रकाश सिंह राजपूत ने बताया कि योग में बहुत बड़ी ताकत है। वर्तमान में पूरा विश्व कोरोना वायरस के खतरे से जूझ रहा है। वायरस के अटैक से बचने के लिए सभी को योगा करना जरूरी है।