मंझनपुर (ब्यूरो)। दोआबा में शीतलहन, गलन के साथ कोहरे का कहर शनिवार को भी जारी रहा। दिनभर तेज बर्फीली हवाओं के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। सुबह घने कोहरे की धुंध के कारण लोगों का सड़कों पर निकलना भी मुश्किल रहा। हालांकि दिन में हल्की धूप भी निकली थी। पर, सर्द हवाओं के कारण यह पूरी तरह से बेअसर रही।
कौशाम्बी पूस का महीना सर्द बना हुआ है। 15 दिनों से ऐसी भीषण शीतलहर चल रही है। जिसके कारण दिन-रात लोग लोग ठिठुर रहे हैं। बर्फीली हवाओं के कारण दिन-रात का तापमान भी सामान्य से कम है। मौसम विभाग के मुताबिक रात में पारा पांच डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। वहीं दिन का तापमान भी 11 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं चढ़ पा रहा है। शनिवार को दिन में धूप भी निकली थी।
पर, सर्द हवाओं के थपेड़ों ने इसे पूरी तरह से निस्तेज कर रखा था। इस कारण दिनभर गलन का प्रकोप बना रहा। इससे घर-बाहर कहीं भी लोगों को ठंड से निजात नहीं मिल पा रही थी। वहीं शीतलहर, गलन के साथ ही जिले में घने कोहरे का प्रकोप भी जानलेवा बना हुआ है। शनिवार को भी गंगा तराई इलाके में सुबह 10 बजे तक घना कोहरा था। इससे कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।