मंझनपुर। पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय को भारतरत्न देने की घोषणा से कौशाम्बी के लोग भी गदगद हैं। बृहस्पतिवार को मंझनपुर में बैठक करके लोगों ने इस घोषणा पर खुशी जताई। इस दौरान जिला बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष चंद्रदत्त शुक्ल ने कहाकि महामना और पूर्व प्रधानमंत्री विश्व रत्न हैं।
जिला मुख्यालय मंझनपुर में बृहस्पतिवार को जिला बार एसोसिएशन की बैठक हुई। इसमें संघ के जिला उपाध्यक्ष चंद्रदत्त शुक्ल ने कहा कि राष्ट्रीय राजनीत के पुरोधा अटल बिहारी वाजपेयी अमूल्य भारत के अतुल्य प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रभक्त जननेता हैं। जिनकी विश्व के राजनीतिक क्षितिज में कोई तुलना नहीं की जा सकती है। वे भारतरत्न ही नहीं विश्वरत्न के काबिल हैं। वहीं उन्होंने कहा कि महामना मदन मोहन मालवीय जी के अतुलनीय योगादन की तुलना में भारतरत्न का सम्मान बहुत पहले मिल जाना चाहिए था।
महामना और अटलजी को मिले भारतरत्न सम्मान से पूरे देश का राष्ट्रभक्त, नागरिक एवं सर्व समाज गौरव की अनुभूति कर रहा है। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और आजादी के पुरोधा महामना मदन मोहन मालवीय को जन्मदिन की बधाई भी दी गई। साथ ही उन्हें भारतरत्न देने की घोषणा पर लोगों ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का आभार भी जताया। इस मौके पर नोखेलाल पांडेय, रमाकांत मिश्रा, त्रिवेणी प्रसाद त्रिपाठी, दयानंद मिश्र, हीरामणि त्रिपाठी, सुनील शुक्ला, संजय चुतर्वेदी, नमोनारायण, संतोष तिवारी आदि मौजूद रहे।