शुक्रवार को मंझनपुर वर्कशॉप पहुंचे एक्सईएन ने ट्रांसफार्मर वितरण की मनमानी पर नकेल कस दी है। अब जेई की रिपोर्टिंग पर बनने वाली प्राथमिकता सूची के हिसाब से ट्रांसफार्मरों का वितरण किया जाएगा। उपभोक्ताओं को ट्रांसफार्मर न देकर ठेके के वाहन से निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जाएगा। हिदायत दिया कि वर्कशॉप में किसी को व्यक्ति ट्रांसफार्मर मुहैया कराया गया तो जेई, एसडीओ की खैर नहीं है।
मंझनपुर वर्कशॉप में ट्रांसफार्मरों की मरम्मत न होने से विभिन्न क्षमता की पेंडेंसी पौने दो सौ पहुंच गई है। धान रोपाई के ऐन वक्त पर तेजी से बढ़ी पेंडेंसी वर्कशॉप के ठेकेदार व जेई, एसडीओ के लिए सिर दर्द बन गई। ट्रांसफार्मर पहले पाने के लिए उपभोक्ताओं द्वारा सांसद, विधायक यहां तक कि डिप्टी सीएम का सहारा लिया जाने लगा। ऐसे में उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के हिसाब से ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। ट्रांसफार्मर की किल्लत अखबारों में सुर्खियां बनीं तो डीएम ने मामले को संज्ञान में लिया।
उन्होंने एसडीएम से वितरण की जांच कराने के लिए एक्सईएन हाईड्रिल प्रभाकर पांडेय को मामले को देखने का निर्देश दिया। गुरुवार को वर्कशॉप पहुंचे एक्सईएन डिवीजन ने पाया कि ट्रांसफार्मरों के वितरण के लिए प्राथमिकता रजिस्टर नहीं बना है। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए जेई, एसडीओ को कड़ी फटकार लगाई और एक्सईएन वर्कशॉप मो. तारिक जलील को इसकी जानकारी दी। शुक्रवार को एक्सईएन हाईड्रिल के साथ मो. तारिक जलील वर्कशॉप पहुंचे।
कर्मचारियों की मनमानी पर नकेल कसते हुए उन्होंने जेई की रिपोर्ट पर बनने वाली प्राथमिकता सूची के हिसाब से ट्रांसफार्मर वितरण करने का निर्देश दिया। हिदायत दी कि हर हाल में ट्रांसफार्मरों का परिवहन ठेके की गाड़ी से कराया जाएगा। वर्कशॉप से एक भी उपभोक्ता को ट्रांसफार्मर मुहैया नहीं होगा। बहरहाल ट्रांसफार्मर वितरण का नियम लागू होने से उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है।
पेंडेंसी खत्म करने को मंगवाए गए 172 ट्रांसफार्मर
बारिश के दौरान फुंकने ट्रांसफार्मरों की संख्या में इजाफा होने से पेंडेंसी पौने दो पहुंच गई है। वर्कशॉप पहुंचने के बाद इसकी जानकारी एक्सईएन को हुई तो उन्होंने इलाहाबाद स्थित वर्कशॉप से जिले के लिए ट्रांसफार्मरों की मांग की। उन्होंने बताया कि 172 ट्रांसफार्मर जिले में भेजे जा रहे हैं। पांच दिन के भीतर सारी पेंडेंसी खत्म कर दी जाएगी। बहरहाल इतनी अधिक संख्या में गैर जनपद से ट्रांसफार्मर भेजे जाने का यह पहला वाक्या होगा। इससे पहले 50 से अधिक ट्रांसफार्मरों की खेप जिले में एक साथ कभी नहीं आई।
वर्कशॉप में ट्रांसफार्मर वितरण की मनमानी पर अंकुश लगा दिया गया है। उपभोक्ताओं को भी ट्रांसफार्मर पाने के लिए वर्कशॉप का चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। नंबर आने पर उनका ट्रांसफार्मर ठेके के वाहन से पहुंचाते हुए फोन पर सूचना दे दी जाएगी।
प्रभाकर पांडेय
एक्सईएन हाईड्रिल