पिपरी कोतवाली के कस्बा चायल में सोमवार दोपहर पुराना सूखा महुआ का पेड़ काटते समय एक मजदूर ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वन निगम ने मनौरी चायल मार्ग पर मौजूद पुराने सूखे पेड़ों की कटाई का ठेका सिराथू निवासी ठेकेदार राजेश मौर्या को दिया है। सोमवार दोपहर ठेकेदार कस्बा चायल में अंग्रेजी शराब की दुकान के समीप बिना किसी सुरक्षा उपकरण के मजदूरों से महुआ के पेड़ की कटाई करवा रहा था।
पेड़ की डाल काटते समय जनपद पीलीभीत के शेरपुर निवासी चांद मियां (32) पुत्र फारुख सड़क किनारे नाले पर गिर पड़ा। ऊंचाई से गिरने के कारण नाले पर रखी आरसीसी की चटिया टूट गई और वह नाले में समा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।