पांच साल में हुए कार्यों की होगी जांच
नेवादा ब्लॉक के कौढ़िया में चौपाल लगाकर डीएम ने डीपीआरओ को निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। जिलाधिकारी ने शनिवार को नेवादा ब्लॉक के कौढ़िया गांव में चौपाल में विकास कार्यों की हकीकत देखी। पांच साल में राज्य एवं चौदहवें वित्त आयोग से कराए गए कामों की टीम गठित कर जांच कराने का निर्देश भी डीपीआरओ को दिया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, मनरेगा योजना, प्रधानमंत्री आवास, राजस्व विभाग की समस्याओं, सौभाग्य योजना, कानून व्यवस्था, कार्यदाई संस्थाओं के द्वारा कराए गए कार्यों की गुणवत्ता, पेयजल योजना, उज्जवला योजना, संपर्क मार्ग का निर्माण, ग्रामीण विद्युतीकरण, आंतरिक गलियों एवं नालियों का निर्माण, आवासहीनों को आवास उपलब्ध कराने, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, सभी प्रकार की पेंशन योजनाओं आदि की समीक्षा की। ग्राम पंचायत में शौचालय, आवास के निर्माण तथा राज्य वित्त एवं चौदहवें वित्त से पांच साल में कराए गए विकास कार्यों की पांच सदस्यीय टीम गठित कर जांच कराने का निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिया। समीक्षा के दौरान से कहा कि शासकीय योजनाओं का पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन कराया जाए। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, आपूर्ति विभाग, दिव्यांगजन कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को गांव में कैंप लगाकर पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, उप जिलाधिकारी चायल ज्योति मौर्य आदि अधिकारी मौजूद रहे।