मंझनपुर/करारी। सौभाग्यवती महिलाओं ने पति की लम्बी आयु व कन्याओं ने सुयोग्य वर के लिए बुधवार को हरितालिका तीज का व्रत रखा। शाम को विधि-विधान से भगवान शिव व माता पार्वती का पूजन किया। रात को जागरण कर भजन कीर्तन कर ईश्वर की अराधना की। तमाम महिलाओं ने नजदीकी घाटों पर पहुंचकर गंगा स्नान भी किया।
भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि को हरितालिका तीज के नाम से जाना जाता है। इस दिन मां पार्वती की कठिन तपस्या से खुश होकर भगवान भोलेनाथ ने उन्हें अपनी अर्द्धांगनी बनाया था। तभी से महिलाएं इस दिन निर्जला व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ व माता पार्वती की पूजा करती हैं। इसी मान्यता को लेकर बुधवार को जिले भर में उत्साह के साथ हरितालिका त्योहार मनाया गया। इसे लेकर महिलाएं कई दिन से तैयारी कर रही थी। महिलाओं, कन्याओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखा। दोपहर में कड़ा स्थित कुबरी, कालेश्वर, बाजार घाट, संदीपन, पल्हाना आदि गंगा घाटों पर पहुंचकर आस्था की डु़बकी लगाई। शाम को सोलहों श्रंगार कर घरों में भगवान शिव और माता पार्वती की मिट्टी की प्रतिमा बनाया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा की। सौभाग्यवती महिलाओं ने पति के दीर्घायु और कुंवारी कन्याओं ने सुयोग्य वर की कामना की। पूजन के बाद रात में भजन कीर्तन के साथ जागरण किया।