दहेज के लिए महिला को जहर खिलाकर मार डाला
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के नगरेहा गांव की घटना
पोस्टमार्टम के बाद भी पुलिस पर एफआईआर नहीं लिखने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के नगरेहा गांव में ब्याही एक महिला को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने जहर देकर मार डाला। आरोप है कि पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों के खिलाफ एफआईआर नहीं दर्ज कर रही है। पीड़ित पिता ने मंगलवार को एसपी से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की है।
महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के अढौली निवासी रमजान पुत्र करीम बख्श ने बताया कि उसने अपनी बेटी नूरजहां का विवाह करीब दो साल पहले नगरेहा में किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज में दो लाख रुपये की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उनके रवैये में बदलाव नहीं आया। पीड़ित की मानें तो 21 सितंबर को ससुरालीजनों ने उसकी बेटी को जबरन जहर खिला लिया। इसके बाद बेहोशी की हालत में मायके छोड़कर फरार हो गए। मायके वालों ने पीड़ित महिला को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में भर्ती कराया। वहां दूसरे दिन उसकी मौत हो गई। पीड़ित पिता का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद 23 सितंम्बर को उसने पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बजाए डांटकर भगा दिया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पश्चिमशरीरा एसओ को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।