महिला ने दी आत्मदाह की चेतावनी
आरोपी पीड़िता की बेटियों की फोटो अश्लील बनाकर बना रहे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। शोहदों के उत्पात से आजिज करारी इलाके की एक महिला ने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। पड़ोसी गांव के चार युवक अश्लील फोटो के सहारे उसकी बेटियों पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहे हैं। नहीं मानने पर फोटो वायरल करने की धमकी देते हैं। एसपी ने करारी इंस्पेक्टर को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
करारी कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। मजदूरी करके किसी तरह चार बेटियों का खर्च चलाती है। पीड़िता की मानें तो पड़ोसी गांव के चार युवकों ने किसी तरह उसकी बेटियों की फोटो हासिल कर ली। इसके बाद एडिट कर उसे अश्लील बना दिया। अब फोटो दिखाकर लड़कियों पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहे हैं। ऐसा नहीं करने पर फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों की खिलाफ पहले ही उसने करारी पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं की। कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों का हौसला बढ़ गया है। उनकी मनमानी दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए करारी कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उधर महिला का कहना है कि कार्रवाई नहीं होने पर वह आत्मदाह कर लेगी।