पिपरी क्षेत्र के सिंहपुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर सड़क किनारे गैस सिलिंडर लेने का इंतजार कर रही महिला से रोडवेज बस टकरा गई। गंभीर रूप से जख्मी महिला को इलाज के लिए प्रयागराज ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, चालक रोडवेज बस लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सिंहपुर गांव निवासी गुलशन और गुलजार ने बताया कि उनकी मां कल्लुवाइन (50) पत्नी कल्लू खाली सिलिंडर लेकर सड़क किनारे गैस एजेंसी की गाड़ी का इंतजार कर रही थीं। तभी सटई जलालपुर शाना की ओर से चायल जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना पर हम लोग पहुंचे और उन्हें एसआरएन प्रयागराज ले जाने लगे। इसी दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बस और चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा। मामले में परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
फ़ाइल फोटो कल्लुवाइन,