चरवा कोतवाली के बलकरनपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह रेलवे लाइन की तरफ शौच के लिए निकली महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना की जानकारी से पीड़ित परिवार में कोहराम है।
बताया जा रहा है कि कोहरे की धुंध के चलते महिला ट्रेन नहीं देख सकी और हादसा हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चरवा कोतवाली के पतेरिया मजरा लोकीपुर निवासी मैकू लाल मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे उनकी पत्नी सूरजकली (50) चरवा के लोकीपुर स्थित दिल्ली हावड़ा रेलवे लाइन की तरफ शौच के लिए गई थी।
सुबह घने कोहरे के चलते वह ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में मौके पर ही सूरजकली की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
भरवारी में ट्रेन से कटकर युवती की मौत
रेलवे स्टेशन के समीप बृहस्पतिवार को एक युवती की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। लाल रंग का सूट पहने युवती की उम्र करीब 20 साल है। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंचे भरवारी चौकी प्रभारी राकेश राय ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। चौकी प्रभारी का कहना है कि शव अप लाइन पर पड़ा था। लाश के पास ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। माना जा रहा है कि कानपुर से प्रयागराज जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से युवती की मौत हुई है। घटना खुदकुशी की लग रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद