एयरपोर्ट कोतवाली के असरावल गांव में बुधवार सुबह बिजली के बोर्ड में पंखा का तार लगा रही एक महिला करंट की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
असरावल गांव निवासी चौबे कुशवाहा किसान हैं। बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे उनकी पत्नी बिट्टन देवी (50) बिजली के बोर्ड में मेज पर रखे पंखे का तार लगा रही थी। इस बीच एक तार बोर्ड और दूसरा उनके हाथ में रह गया। इससे वह करंट की चपेट में आ गई। घर में कोई अन्य सदस्य नहीं होने के कारण करीब घंटे भर तक शव तार से चिपका रहा। घर पहुंचने पर पत्नी का शव देख उनकी चीखें निकल गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए परिजनों को शव सौंप दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार का हाल बेहाल है।