फंदे से लटककर विवाहिता ने दी जान
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के भदवां गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
भरवारी। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के भदवां गांव में शुक्रवार दोपहर एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
भदवां गांव की सुषमा देवी उर्फ गोगा (35) गृहणी थी। उसका पति विनोद यादव हरिद्वार में प्राइवेट नौकरी करता है। शुक्रवार दोपहर घर के भीतर ही सुषमा ने पंखे के चुल्ले से लटककर जान दे दी। महिला को फंदे पर लटकता देख परिजन चीख पड़े। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन यह नहीं बता पा रहे हैं कि महिला ने मौत को गले क्यों लगाया है। मामले में कोखराज इंस्पेक्टर अजीत कुमार पांडेय का कहना है कि फिलहाल किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर एफआईआर लिखकर कार्रवाई की जाएगी।
----
कुख्यात बदमाश गोकरन पांडेय गिरफ्तार
भरवारी (ब्यूरो)। कोखराज पुलिस ने गुरुवार रात कुख्यात बदमाश गोकरन पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि उसे दरवेशपुर स्थित घर से पकड़ा गया है। उसके खिलाफ कोखराज, पूरामुफ्ती और सैनी में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट आदि के करीब 14 मामले दर्ज हैं। पुलिस काफी दिनों से बदमाश की तलाश कर रही थी। पूछताछ के बाद उसको जेल भेज दिया गया है।