कस्बा स्थित पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को तेज रफ्तार सफारी की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। घटना में बाइक चला रहे महिला के बेटे व उसकी बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। इलाज के लिए पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा है। टक्कर मारने वाला चालक वाहन लेकर भाग निकला। सूचना घर पहुंची तो परिजन रोने-बिलखने लगे।
सैनी कोतवाली के नरसिंहपुर कछुवा गांव निवासी नीरज (25) की बहन मनीता की शादी फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली अंतर्गत अमांव सलेमपुर में ब्याही है। पिछले कुछ दिनों से मनीत बीमार है।
इस जानकारी पर शनिवार को नीरज अपनी सुनीता (50) व पिता रामस्वरूप के साथ बाइक से बहन की ससुराल गया था। बहन की हालत नाजुक देख नीरज उसे व अपनी मां के साथ बाइक से बैठाकर घर ला रहा था। पिता को उसने बस से आने के लिए कहा।
जैसे ही नीरज, सुनीता व मनीता अजुहा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी पीछे से आई तेज रफ्तार सफारी ने टक्कर मार दी। घटना के बाद सफारी सवार गाड़ी सहित भाग निकले। राहगीरों की सूचना पहुंची पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से इलाज के लिए सीएचसी सिराथू भेजा। यहां चिकित्सकों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। नीरज व मनीता को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।