करारी थाना क्षेत्र के बदलेपुर गांव के पास रविवार को अंतिम यात्रा में शामिल होने जा रहे दंपती की बाइक गड्ढे में गिर गई। हादसे में महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि पति घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
विज्ञापन
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के कोडर गांव निवासी अवधेश विश्वकर्मा रविवार को अपनी पत्नी फूल देवी के साथ बाइक से दानपुर गांव में रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह करारी थाना क्षेत्र के बदलेपुर गांव के पास पहुंचे। सड़क के गड्ढे में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे में फूल देवी के सिर में गंभीर चोट आई। जबकि, अवधेश विश्वकर्मा के कमर में चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। जहां इलाज के दौरान फूल देवी की मौत हो गई। वहीं अवधेश विश्वकर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। अवधेश विश्वकर्मा के चार बच्चों में सुनील और अनिल की शादी हो गई, जबकि सुभाष और रानी अभी पढ़ाई कर रहे हैं।