पिपरी में तिल्हापुर मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार रात प्रसव के बाद अधिक रक्तस्राव होने से एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत पर परिजन रोने-बिलखने लगे। पति उमेश के साथ महिला के मायके वालों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर आई पुलिस ने नाराज लोगों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चित्रकूट जनपद के कर्वी कोतवाली अंतर्गत भैरों पागा रोड निवासी पूजा पटेल (25) पत्नी उमेश कुमार रक्षाबंधन पर्व पर अपने मायके पिपरी कोतवाली के नगर पंचायत चायल के सरैंया आई थीं। पर्व के बाद परिजनों ने उसे प्रसव के लिए मायके में ही रोक लिया। मंगलवार को प्रसव पीड़ा के चलते परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डाक्टरों ने उसका सामान्य प्रसव कराया। प्रसव के दौरान महिला ने बच्ची को जन्म दिया।
पति उमेश ने पुलिस को बताया कि प्रसव के बाद अधिक रक्तस्राव होने की वजह से पूजा की हालत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल दूर सो पूजा को महिला को तिल्हापुर मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां रात में उपचार के दौरान पूजा की मौत हो गई।
पूजा के पति और उनके मायके वालों का आरोप है कि डॉक्टर की लापरवाही से पूजा की जान गई। अस्पताल प्रशासन ने उनको सुधार का आश्वासन दिया था लेकिन हालत गंभीर है, इसकी जानकारी नहीं दी। बुधवार सुबह आक्रोशित लोग अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। सूचना पाकर आई पुलिस ने परिजनों को शांत करा मौके की औपचारिकताएं पूरी कीं। परिजन डाॅक्टर और अस्पताल कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की जिद पर अड़े रहे।
-
इनका कहना है
महिला का सामान्य प्रसव कराया गया। मौत की वजह अधिक रक्तस्राव होना बनी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज सरायअकिल सीएचसी के अधीक्षक डाॅ. ललित सिंह को अस्पताल की जांच के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संजय कुमार, सीएमओ।