मंझनपुर/करारी। करारी कस्बे के अंसारगंज मोहल्ला की महिला ने बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद बृहस्पतिवार शाम अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजनों ने निजी अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी। शिकायत के बाद डिप्टी सीएमओ डॉ. राहुल ने अस्पताल को सील कर दिया।
अंसारगंज मोहल्ला निवासी कल्लू ने बताया कि उसकी 36 वर्षीय पत्नी सरोज देवी के पेट में अक्सर दर्द होता था। सप्ताह भर पहले उसने मंझनपुर स्थित मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित आईडीएल पॉली क्लीनिक में भर्ती कराया। चिकित्सक ने बच्चेदानी में समस्या बताते हुए ऑपरेशन कर दिया। इस बीच उसका लापरवाही पूर्ण इलाज किया गया जिससे मंगलवार को हालत बिगड़ गई। इस पर चिकित्सकों ने हाथ खड़े कर दिए और प्रयागराज ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे एसआरएन प्रयागराज ले गए। वहां भी चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख हाथ खड़े कर दिए। इस पर परिवार के लोग सरोज देवी को वापस लेकर आए और मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया।
जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार शाम महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका के पति ने करारी कोतवाली के साथ ही सीएमओ से शिकायत कर निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। प्रभारी निरीक्षक विनीत सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ, शिकायत के बाद डिप्टी सीएमओ डॉ. राहुल ने शुक्रवार को मामले की जांच करते हुए अस्पताल सील कर दिया। साथ ही संचालक को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है।