सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के सुरसेनी गांव में शुक्रवार सुबह बगीचे में करौंदा तोड़ रही महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। जानकारी होने पर परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुरसेनी गांव निवासी रामभवन गांव से पांच सौ मीटर दूरी पर खेत में घर बनाकर परिवार समेत रहते हैं। रामभवन ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उनकी पत्नी अमरावती (50) बाग में करौंदा तोड़ रही थी। अचानक जहरीले सांप ने उन्हें पैरों में डस लिया। जानकारी होने पर घरवाले पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायअकिल ले गये जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने मंझनपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। परिवार के लोग उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गये जहां इलाज के दौरान अमरावती की मौत हो गई। निरीक्षक ज्ञान सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।