पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के मसूरियादीन मोहल्ले में जमीन विवाद से परेशान एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। युवक ने घटना से पहले वीडियो बनाकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई और कुछ लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया।
पूरब-पश्चिम शरीरा वार्ड नंबर तीन स्थित मसूरियादीन मोहल्ले के रहने वाले 40 वर्षीय सोनू सिंह पुत्र उमेश सिंह ने शुक्रवार को कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। बताया गया कि वह लंबे समय से पारिवारिक जमीन-जायदाद के विवाद को लेकर मानसिक रूप से परेशान था। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसने पुलिस को सूचना भी दी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की हालत बिगड़ने पर उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना से पहले सोनू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था। वीडियो में उसने जमीन विवाद का जिक्र करते हुए कुछ लोगों पर आरोप लगाए और कहा कि उसकी मौत के लिए वही जिम्मेदार होंगे। पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, सोनू अविवाहित था और अकेले रहता था। उसकी मां की करीब 25 वर्ष पहले हादसे में मौत हो गई थी। इंस्पेक्टर बैकुंठ नाथ पांडेय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।