दहेज की खातिर महिला को पीटा, घर से निकाला
प्रयागराज में हुआ था नगर कोतवाली के समदा गांव की बेटी का विवाह
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। प्रयागराज में ब्याही दोआबा की एक बेटी को दहेज की खातिर पीटकर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने मंगलवार को एसपी से शिकायत की है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के समदा गांव की यास्मीन पुत्री बब्बन खान ने बताया कि उसका विवाह प्रयागराज के मुंडेरा में हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराली प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता की मानें तो महीने भर पहले ससुराल वालों ने उसकी पिटाई की। इसके बाद बच्चों समेत घर से निकाल दिया। मायके वालों ने एक दफा फिर समझौते का प्रयास किया। बात नहीं बनने पर पीड़ित महिला ने एसपी से शिकायत कर दी। एसपी अभिनंदन ने परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।