मंझनपुर। चरवा कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव में रहने वाले एक किसान के खाते से साइबर ठगों ने करीब दो लाख रुपया पार कर दिया।
किसान की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिपरी निवासी राममूरत सिंह पुत्र राजाराम पटेल किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। उसने बताया कि दिसंबर 2019 में उसके मोबाइल पर अंजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया। इसके बाद एटीएम कार्ड का नंबर पूछ लिया।
फिर 19 से लेकर 21 दिसंबर के बीच कई किस्तों में खाते से दो लाख रुपया पार कर दिया। कुछ रोज बाद एसबीआई की मनौरी शाखा पहुंचने पर पीड़ित को इसकी जानकारी हुई। बताया कि ठगी की शिकायत उसी रोज पुलिस से की गई थी। पर, पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया।
इससे परेशान पीड़ित ने दो दिन पहले मामले की शिकायत एसपी से की। एसपी अभिनंदन के निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।