मूरतगंज के मार्ट में ब्लेजर खरीदते ग्राहक। संवाद
शहनाई की गूंज और सर्दी की शुरुआत के संग बाजार भी कुलाचे भर रहा है। वजह लोग स्वेटर और शाॅल सहित तमाम तरह के ऊनी कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। इस तरह ग्राहकों से कपड़ों का बाजार गुलजार है। ऐसे में दुकानदारों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है।
पिछले दिनों जिले में हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। माैसम में इस बदलाव से लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा है। ऐसे में बाजारों में गर्म कपड़ों की बिक्री भी शुरू हो गई है। सुपर फैमिली मार्ट मूरतगंज, मूरतगंज बाजार, भरवारी नई व पुरानी बाजार मार्केट में ग्राहकों से बाजार गुलजार होने लगे हैं। कई दुकानदार लोगों की डिमांड के अनुसार, स्वेटर और अन्य गर्म कपड़े मंगवा रहे हैं।
मूरतगंज के एक मार्ट के प्रबंधक गणेश केसरवानी ने बताया कि सर्दी के लिए नया स्टॉक मंगा लिया गया है। बाजारों में स्टॉल और हल्के स्वेटर की खरीदारी शुरू हो गई है। उम्मीद है कि सर्दी बढ़ने के साथ ही स्वेटर, जैकेट, दस्ताने और मफलर आदि की बिक्री बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि पुरुषों के ब्लेजर की कीमत 1500 से 3000 रुपये तक है।
जबकि महिलाओं की ब्लेजर की कीमत एक से दो हजार रुपये तक है। स्वेटर 300 से 1500 रुपये की रेंज में हैं। जैकेट पांच सौ से चार हजार रुपये के बीच है। शाॅल की शुरुआती कीमत 150 से 1500 रुपये तक है। इसके अलावा बाजार में कई नए ब्रांड हैं, जिसे ग्राहक खूब पसंद कर रहे हैं। कारोबारियों को इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
कारोबारी अनुराग केसरवानी ने बताया कि दुकान में ठंड के कपड़े बढ़ाए जा रहे हैं। सर्दी के कपड़ों की मांग अधिक है। वहीं समदा के एमआर मार्ट के संचालक प्रमोद तिवारी ने बताया कि 300 से लेकर सात हजार रुपये तक के अलग-अलग ब्रांड के स्वेटर और कोट की डिमांड ज्यादा है।