सर्दी के साथ ही त्वचा और बालों से जुड़ी समस्याओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में रोजाना 30 से 35 मरीज डैंड्रफ (रूसी), एलर्जी, खुजली और त्वचा सूखने जैसी शिकायतों से पीड़ित पहुंच रहे हैं।
सर्द हवाओं के कारण त्वचा पर दाने, एलर्जी और हाथ-पैरों में रूखापन की आम शिकायत है। बालों में रूसी बढ़ने से खुजली और लाल चकत्ते की समस्या देखी जा रही है।
मंझनपुर के रवि ने बताया कि सर्दी बढ़ते ही चेहरे पर दाने और खुजली होने लगी है। क्रीम लगाने के बाद भी त्वचा खिंची-खिंची महसूस होती है। वहीं, करारी की नूरजहां ने बताया की डैंड्रफ इतनी बढ़ गई है कि बाल झड़ने लगे हैं। इसलिए इलाज कराने मेडिकल कॉलेज आई हूं।
इस दौरान ओपीडी में मौजूद त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एमसी पाल ने बताया कि सर्दी में त्वचा का सूखापन सामान्य है लेकिन इसे नजरअंदाज न करें। उन्होंने बताया कि सर्दी के दौरान नहाने में बहुत गर्म पानी का प्रयोग, मॉइस्चराइजर का न लगाना और धूप में ज्यादा देर तक बैठना समस्याओं को बढ़ा देता है।
उन्होंने सलाह दी कि सर्दी में गुनगुने पानी से स्नान करें, दिन में दो-तीन बार मॉइस्चराइजर लगाएं, बालों की सफाई नियमित रखें और तेज रासायनिक उत्पादों से बचें।
उन्होंने बताया कि डैंड्रफ बढ़ने पर एंटी-फंगल शैंपू और चिकित्सकीय परामर्श आवश्यक है। वहीं डॉ. एमसी पाल ने अस्पताल में आए लोगों से कहा कि त्वचा संबंधी समस्याओं को हल्के में न लें और लक्षण बढ़ने पर तुरंत चिकित्सक से जांच कराएं।