स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के दरियाव का पूरा मजरा पनारा गोपाल गांव की महिला लोहिया आवास की दूसरी किस्त के लिए दो साल से भटक रही है। बीडीओ से लेकर डीएम तक महिला ने फरियाद लगाया पर खाते में धनराशि आज तक नहीं पहुंच सकी है। इससे लाभार्थी आधे-अधूरे आवास में पॉलीथिन डालकर गुजारा करने को मजबूर है।
दरियाव का पूरा निवासी कौशिल्या देवी पत्नी स्व. राजू का कच्चा घर तीन साल पहले बारिश के दौरान ढह गया था। इसके चलते पीड़िता को वित्तीय वर्ष 15-16 में लोहिया आवास दिया गया था। आवास की पहली किस्त एक लाख, 36 हजार रुपये खाते में आने के बाद महिला ने निर्माण कराया। छत तक दीवार खड़ी होने के बाद से वह दूसरी किस्त का इंतजार कर रही है। दूसरी किस्त के लिए वह दो साल से ब्लॉक से लेकर जिला मुख्यालय तक अफसरों का चक्कर लगा रही है।
समाधान दिवस में शिकायत के बावजूद उसके खाते में रकम नहीं पहुंच सकी है। रकम के अभव में अधूरे पड़े आवास में महिला पॉलीथिन की छप्पर डालकर कुनबे के साथ गुजर-बसर कर रही है। मामले में बीडीओ अखिलेश तिवारी का कहना है कि लाभार्थी के सारे दस्तावेज सही होने के बावजूद खाते में रकम नहीं पहुंची है। इसकी जानकारी अफसरों को दे दी गई है। जल्द ही लाभार्थी को आवास की रकम मुहैया करा दी जाएगी।