जिले में गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार 37 क्रय केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर खरीद की जाएगी। साथ ही किसानों की सुविधा के लिए सात मोबाइल क्रय केंद्र भी बनाए जा रहे हैं। इसके लिए जल्द टेंडर निकाला जाएगा। डिप्टी खाद्य विपणन अधिकारी सुधांशु चौबे ने बताया कि 17 मार्च से गेहूं की खरीद शुरू होगी। अब तक 840 किसानों ने गेहूं बिक्री के लिए पंजीकरण करा लिया है।
उन्होंने बताया कि खरीद कार्य को संचालित करने के लिए 796 कर्मचारियों को लगाया गया है। साथ ही एजेंसियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। इसमें खाद्य विभाग के 15, पीसीएफ के छह, यूपीएस के चार, पीसीयू व नेफेड के पांच और एफसीआई के दो केंद्र नामित किए गए हैं।
खाद्य विभाग के 15 केंद्रों में से सात मोबाइल क्रय केंद्र होंगे। हालांकि मोबाइल केंद्रों के लिए न्यूनतम गेहूं की मात्रा को लेकर अभी शासन से स्पष्ट निर्देश नहीं मिले हैं। जल्द ही इसके लिए टेंडर निकालने की योजना है। खरीद प्रभारी व एडीएम शालिनी प्रभाकर लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं।