सरकारी क्रय केंद्र पर गेहूं नहीं पहुंच रहा है। वहीं, बिचौलिया किसानों से कम कीमत पर गेहूं खरीद रहे हैं। इसे लेकर बृहस्पतिवार को तीनों तहसील की मंडियों की ओर से अभियान चलाया गया। गुमराह कर समर्थन मूल्य से कम कीमत पर खरीदे गए गेहूं को ट्रैक्टर-ट्राॅली समेत सीज कर दिया गया।
मंडी सचिव ओसा को जानकारी मिली कि मंडी के पास एक ट्रैक्टर में 517 बोरी गेहूं किसानों को गुमराह कर कम कीमत पर खरीदकर लदा है। जांच के दौरान गेहूं खरीद से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला तो उसे सीज कर दिया। इसी प्रकार भरवारी मंडी के अंदर एक ट्रक पकड़ा गया। इसमें 250 क्विंटल गेहूं लदा था। इसके भी पेपर नहीं मिले तो सीज कर दिया गया।
कड़ा के अफजलपुर गांव में एक किसान का गेहूं बिचौलिया खरीदने जा रहा था। उधर से गुजर रहे क्षेत्रीय विपणन अधिकारी रामप्रवेश ने देखा तो वह किसान भुवन तिवारी के पास पहुंचे। उनको देखकर बिचौलिया भाग गया। इसपर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी ने उनको खरीद केंद्र में गेहूं बेचने के लिए प्रेरित किया। किसान ने सिराथू क्रय केंद्र में गेहूं बेच दिया।