जलालपुर जवाहरगंज में अर्धनिर्मित पानी की टंकी। संवाद
विकास खंड नेवादा के जलालपुर जवाहरगंज में केंद्र सरकार की हर घर जल योजना तीन साल बाद भी अधूरी है। मार्च 2023 में 4.55 करोड़ रुपये की लागत से पानी की टंकी का निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हुआ था, लेकिन कार्यदायी संस्था बाबा जी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने काम बीच में ही ठप कर दिया। इससे तीन गांवों के हजारों लोग गर्मी में पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।
जलालपुर जवाहरगंज निवासी रावेंद्र सिंह, धर्मपाल दिवाकर और सूर्यकांत विश्वकर्मा ने बताया कि जलालपुर जवाहरगंज, चंदूपुर अमरायन और हासिमपुर किनार गांव की कुल 5917 आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए 21.368 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाकर 1072 परिवारों को नल कनेक्शन दिया जाना था।
ग्राम पंचायतों की हर घर जल योजना की वेबसाइट पर जलालपुर जवाहरगंज में 182, चंदूपुर अमरायन में 223 और हासिमपुर किनार में 208 परिवारों के कनेक्शन भी दर्ज कर दिए गए हैं। जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है। ग्रामीणों के मुताबिक ठेकेदार ने बोरिंग तो कराई, लेकिन ओवरहेड टैंक के पिलर को आधा-अधूरा छोड़ दिया।
कई स्थानों पर पाइपलाइन भी अधूरी पड़ी है। पाइप डालने के लिए सड़कों पर खोदे गए गड्ढों की मरम्मत तक नहीं की गई, जिससे लोगों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है। गर्मी बढ़ने के साथ ही ग्रामीणों को हैंडपंप से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
धनराशि अभाव के कारण कार्य अभी बंद है, शासन से धनराशि आवंटन के बाद ही कार्य पूर्ण किया जाएगा। -जयपाल सिंह, अधिशाषी अभियंता जल निगम