तहसील परिसर में लगा खराब वाटर कूलर। संवाद
तहसील परिसर में लगा वाटर कूलर एक सप्ताह से खराब पड़ा है। भीषण गर्मी के बावजूद अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। इससे अधिवक्ताओं और वादकारियों को बाहर रखी पानी की टंकी से प्यास बुझानी पड़ रही है।
तहसील परिसर में अधिवक्ताओं और वादकारियों को ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए एसडीएम कार्यालय, अधिवक्ता हाल और तहसीलदार कार्यालय के पास वाटर कूलर लगाए गए हैं। एक सप्ताह पहले तहसीलदार कार्यालय के पास लगा वाटर कूलर खराब हो गया।
इसके चलते निबंधन कार्यालय, पूर्ति निरीक्षक कार्यालय और खतौनी काउंटर पर आने वाले लोगों को पेयजल की दिक्कत झेलनी पड़ रही है। अधिवक्ता सुल्तान अहमद, धनंजय पटेल और घनश्याम कुमार ने बताया कि निबंधन कार्यालय, पूर्ति निरीक्षक कार्यालय और रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय जाने के लिए तहसीलदार कार्यालय के बगल स्थित सीढ़ियों से होकर गुजरना पड़ता है।
वाटर कूलर खराब होने से लोगों को बाहर रखी टंकी से पानी पीना पड़ रहा है। आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे लोगों में नाराजगी है।
तहसीलदार संजय दुबे ने बताया कि वाटर कूलर बनवा दिया गया है। यदि ठंडा पानी नहीं निकल रहा है तो दोबारा मरम्मत करवाया जाएगा।